ज्ञानपुर। भदोही की धरती पर बालीवुड के सितारे उतरेंगे। चलाओ न नैनों के बान रे...फेम सवाब शाबरी और तेरा मुझसे है पहले का नाता कोई...गीत को स्वर देकर अमर करने वाली पूर्णिमा निष्ठा की खनकती आवाज जहां कालीन नगरी की फिजा में गूंजेगी, वहीं कई मिमिक्री कलाकार और फनकार अपनी कला का जादू बिखेरेंगे। 15 मार्च से शुरू हो रहे भदोही महोत्सव में यह सब कुछ देखने को मिलेगा।
तीन दिवसीय भदोही महोत्सव की तैयारियां तेज हो गईं हैं। पहले दिन 15 मार्च को भिखारीपुर मैदान पर योग शिविर से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। सुबह छह बजे से यह कार्यक्रम प्रतिदिन एस व्यास विश्वविद्यालय बंगलूरू के निदेशक डॉ. आरएम आचार्य और उनके सहायक बृजेश गुप्ता की निगरानी में होगा। इसी दिन हॉफ मैराथन भी होगी, जो भिखारीपुर मैदान से शुरू होकर गोपीगंज तक जाएगी। मैराथन का शुभारंभ जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और समापन पुलिस अधीक्षक राजेश एस करेंगे। इस दौरान पूरे दिन जिला स्टेडियम मूसीलाटपुर में खेलकूद के आयोजन होंगे। शाम को आयोजित कवि सम्मेलन में राहत इंदौरी, महेश दुबे, डॉ. कविता तिवारी, अब्दुल गफ्फार, डॉ. निधि, महेश दुबे, सरला शर्मा और मिमिक्री कलाकार गौरव शर्मा कार्यक्रम पेश करेंगे।
भदोही महोत्सव समिति के अध्यक्ष फिल्म निर्माता निर्देशक कृष्णा मिश्रा ने बताया कि 16 को किड स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद प्रख्यात कव्वाल कादिर ब्रदर्स की कव्वाली होगी। अंतिम दिन 17 मार्च को सवाब शाबरी, पूर्णिमा निष्ठा, अरुण बख्शी जूनियर महमूद समेत अन्य तमाम गायक और कलाकार बॉलीवुड स्टार नाइट में अपने फन का जलवा बिखेरेंगे। कहा कि योग शिविर और मैराथन में कोई भी नि:शुल्क प्रतिभाग कर सकता है।