पुलिस और प्रशासन की ओर से गठित उड़नदस्ता टीम ने रविवार को गोपीगंज में कार से तीन लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किया। नकद मिले रुपयों को जब्त कर आयकर विभाग ने जांच शुरू कर दी है। इससे कैश लेकर आने-जाने वालों में खलबली मची हुई है।
सूबे में चुनाव आचार संहिता प्रभावी होने के बाद तीनों विधानसभा क्षेत्रों में उड़नदस्ता सहित अन्य टीमें सक्रिय हो गई हैं। पुलिस की ओर से बार्डर प्वाइंट सहित मुख्य स्थानों पर बैरियर लगाकर जांच की जा रही है। मादक पदार्थ और कैश आदि की जांच की जा रही है। रविवार को गोपीगंज नगर में उड़नदस्ता टीम ने एक कार से तीन लाख 29 हजार रुपये बरामद किया। नकदी लेकर जाने वाला व्यक्ति टीम के समक्ष लेखाजोखा प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने रुपये जब्त कर आयकर विभाग से जांच शुरू करा दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कार से बरामद नकदी के बारे पूछताछ करने पर संतोषजनक जबाब नहीं मिला। वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर उक्त कैश को सीज कर आयकर विभाग की टीम से जांच कराई जा रही है।