आपके विधानसभा क्षेत्र में दावा ठोक रहे प्रत्याशी प्रतिनिधि चुने जाने लायक हैं अथवा नहीं, इसका फैसला करने के लिए आपको किसी से सलाह लेने की जरूरत नहीं होगी। घर बैठे ही आप चुनाव वाले प्रदेशों के किसी भी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी की कुंडली जान सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैयार मोबाइल एप नो योर कैंडिडेट (केवाईसी) पर नामांकन के साथ ही प्रत्याशी की आर्थिक स्थिति से लेकर आपराधिक इतिहास तक की जानकारी मिल जाएगी। वोटर हेल्पलाइन एप पर भी किसी भी विधानसभा क्षेत्र में नामांकन करने वाले प्रत्याशियों की संख्या और उनके बारे में प्राथमिक जानकारी ले सकेंगे। कोरोना संक्रमण काल में विधानसभा चुनाव में ऑनलाइन मिलने वाली सुविधाओं को खूब पसंद किया जा रहा है। चुनाव पूरी तरह से पारदर्शी हो सके और मतदाता प्रत्याशियों के बारे में आसानी से जान सकें, इसके लिए चुनाव आयोग ने व्यवस्था की है। गूगल के प्ले स्टोर से केवाईसी एप डाउनलोड कर आप विश्वसनीय जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। एप खोलते ही अब तक नामांकन कर चुके सभी प्रत्याशियों का विवरण आपके सामने होगा। प्रत्याशी के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी मुख्य पेज पर ही नजर आ जाएगी। प्रत्याशी के नाम पर क्लिक करते ही उसके बारे में जानकारी सामने आ जाएगी। वहां शपथ पत्र का लिंक मिलेगा, जिस पर क्लिक करते ही प्रत्याशी के बारे में सब कुछ जानने को मिल जाएगा। उनके परिवार की स्थिति आर्थिक स्थिति, प्रत्याशी के नाम पर चल व अचल संपत्ति का विवरण, पेशा, आपराधिक इतिहास आदि सहित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हो सकेंगी। चुनाव आयोग ने आपराधिक इतिहास को तीन बार प्रकाशित कराने को भी कहा है, लेकिन एप पर इसे सार्वजनिक करने से लोग आसानी से प्रत्याशी के बारे में जान सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र मिश्र का कहना है कि आयोग ने विधानसभा चुनाव में कई नई व्यवस्था पहली बार दी है। इससे प्रशासन से लेकर आम जनता तक को काफी सहूलियत मिलेगी। कोरोना संक्रमण काल में घर बैठे काफी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।