ज्ञानपुर। जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने की रफ्तार जिस गति से बढ़ रही है। उससे कहीं अधिक गति से बीमारी के संदिग्ध सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 2800 संदिग्धों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। इसमें 83 कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हालांकि 36 संक्रमित स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं।
विश्व में महामारी का रूप धारण कर चुके कोरोना वायरस संक्रमण से जिला भी अछूता नहीं है। 23 मार्च से लॉकडाउन शुरू होने के बाद शुरुआती दिनों में कोरोना संक्रमित कम ही रहे, लेकिन मुंबई समेत दूसरे शहरों से प्रवासियों के आने से संक्रमितों का ग्राफ तेजी से बढ़ा। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही संदिग्धों का दायरा भी बढ़ने लगा। संक्रमितों के परिवार वाले और करीबी भी जांच के लिए आइसोलेट हुए। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो अब तक जिले में 2800 से अधिक कोरोना संदिग्ध मिल चुके हैं, जिनका स्वैब जांच के लिए भेजा गया। कई मरीज ऐसे हैं, जिनमें बीमारी का लक्षण भी नहीं दिख रहा, लेकिन जांच में वे पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी काफी बढ़ गई है।