ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार गिर रहा है। अस्पताल से लेकर घरों में आइसोलेट मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या भी बढ़ रही है। लेकिन मौत का सिलसिला अभी भी थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार को जांच रिपोर्ट में 23 नए संक्रमित मरीज मिले है, जबकि एक संक्रमित की मौत हो गई है। 24 लोग कोरोना संक्रमण को मात देकर ठीक हुए, जिससे एक्टिव केस की संख्या घटकर 401 पहुंच गई है। जिले में कोरोना संक्रमण अप्रैल में तेजी से बढ़ा। हर रोज 200 से लेकर 300 के करीब संक्रमित मिल रहे थे। मई के दूसरे सप्ताह से संक्रमितों की संख्या में धीरे-धीरे कमी आई और 100 के पार मिलने वाले मरीज अब 30 से 50 के समीप पहुंच गए हैं। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की आई जांच रिपोर्ट में 23 संक्रमित मिले है। पिछले साल से अब तक 7104 लोग कोरोना के चपेट में आ चुके है। इनमें 6554 संक्रमित उपचार से ठीक हुए है। 134 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जबकि 401 को उपचार दिया जा रहा है। नए संक्रमितों में भदोही में एक, गोपीगंज में एक, गोपपुर में एक, ज्ञानपुर में एक, महजुदा में एक, सैदपुर में चार, उपरौठ में दो, बंजारी में तीन, कंसापुर में एक, उगापुर में एक समेत अन्य क्षेत्रों में संक्रमित मरीज मिले है। सदौपुर नया हाट स्पाट बन चुका है। अब तक यहां पर 30 के करीब संक्रमित मिल चुके हैं।
सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया है कि एल टू अस्पताल में इलाज के दौरान एक संक्रमित मरीज की मौत हो गई है। नए मिले संक्रमित को होमआइसोलेशन में रखकर जरूरी सुविधाएं दी जा रही है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोग कोरोना गाइड लाइन का पालन करें सावधानी और नियमों का पालन करने से ही संक्रमण को रोका जा सकता है। तीसरा दौर और भी खतरनाक है। इसकी तैयारी की जा रही है।