सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के इटहरा मनीपुर गांव के पास जंगीगंज- धनतुलसी मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम छह बजे बाइक और डीजे गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार भीम सरोज (31) पुत्र झुल्लन सरोज निवासी पूरे गोसाईदासपुर की मौत हो गई। जबकि दूसरा राजन सिंह (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची कोइरौना पुलिस दोनों को डीघ सीएचसी ले गयी जहां डॉक्टरों ने भीम सरोज को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल युवक को ज्ञानपुर रेफर कर दिया। ज्ञानपुर क्षेत्र के गोसाईंदासपुर गांव निवासी भीम सरोज और राजन सिंह किसी कार्य से अपने बाइक से धनतुलसी की ओर जा रहे थे। शाम लगभग छह बजे दोनों युवक बाइक से इटहरा के मनीपुर गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही डीजे गाड़ी से बाइक की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई जिससे दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताते है कि एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची कोइरौना पुलिस दोनों को एंबुलेंस से डीघ सीएचसी ले गई जहां डॉक्टरों ने भीम को मृत घोषित कर दिया। कोइरौना कोतवाली निरीक्षक खुर्शीद अंसारी ने बताया कि एक युवक की मौत हो गई है जबकि गंभीर रूप से घायल राजन सिंह को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल ज्ञानपुर रेफर कर दिया।