ज्ञानपुर । प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री जयप्रकाश निषाद की अध्यक्षता में शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए जिला योजना समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई । इस दौरान बैठक में कुल 2 अरब 20 करोड़ 7 लाख रुपये के परिव्यय की स्वीकृति दी गई। इस बार की कार्य योजना में कृषि, चिकित्सा, सड़क एवं पुल, ग्रामीण पेयजल, ग्रामीण आवास, नगरी एवं ग्रामीण पेयजल, स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिला योजना समिति की बैठक में पर्यटन को 260 लाख, प्राथमिक शिक्षा को 868 लाख, माध्यमिक शिक्षा को 1316.26 लाख, ऐलोपैथ को 1457.50 लाख, पूल्ड आवास के लिए 550 लाख, ग्रामीण आवास के लिए 800.40 लाख, रोजगार कार्यक्रम के लिए 5457 लाख, निजी लघु सिंचाई 466.15 लाख, समाज कल्याण 460 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई । प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लें। कार्य में शिथिलता एवं लापरवाही करने वाले अधिकारी कत्तई बख्शे नहीं जाएंगेे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी जनप्रतिनिधियों का मोबाइल नंबर जरूर रखें, और यदि उनका फोन आये तो उनसे बात जरूर करें। ऐसा नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को दूर करना सरकार की पहली प्राथमिकता है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने रिबोरिंग की समस्या, आवारा पशु, मनरेगा के जॉबकार्ड धारकों को भुगतान, धान खरीद के भुगतान, सड़क सहित अन्य मुद्दों पर प्रभारी मंत्री से शिकायत की। इस पर प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा निराकरण कराया जाएगा। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन सीडीओ भानू प्रताप सिंह ने किया।
बैठक में विधायक औराई दीनानाथ भाष्कर, विधायक भदोही रवींद्र नाथ त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष नवीन कुमार श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक, सीडीओ भानू प्रताप सिंह, डीएसटीओ संतोष कुमार, डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र यादव, डीएसओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।