गोपीगंज। नगर क्षेत्र में पालिका के सफाईकर्मियों ने सातवें दिन सोमवार से बेपटरी हुई सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाकर राहत तो दिलाई, लेकिन वार्ड नंबर 23 अंजही मोहाल के उदासीन अखाड़ा गली में जमीन पर गिरे मोबाइल शौचालय को नजरंदाज कर स्वच्छता अभियान को ठेंगा दिखा दिया। वार्डवासियों ने उच्चाधिकारियों से पालिका प्रशासन की ओर से स्वच्छता के नाम पर खर्च किए गए धन की जांच कराने की मांग की है।
गत छह दिनों से पालिका प्रशासन पर नगरवासियों ने धांधली और कूड़ा निस्तारण के लिए जमीन की व्यवस्था को लेकर सफाईकर्मियों में तनातनी चली आ रही थी। सोमवार को मामले का पटाक्षेप कराकर पालिका की ओर से कूड़ा उठवाने का काम शुरू करा दिया गया, लेकिन वार्डों में स्वच्छता अभियान के तहत स्थापित कराए गए सचल शौचालयों और यूरीन बाक्सों की ओर ध्यान न देने से वार्डवासियों में रोष दिखा। सभासद संदीप गुप्ता का आरोप है कि स्वच्छता के नाम पर नगर पालिका ने मानक की अनदेखी की। बाक्स तो लगवा दिया गया, लेकिन समुचित देखभाल के अभाव में वह जर्जर होकर और गंदगी से पट चुके हैं या फिर जमीन पर गिरकर अभियान का मखौल उड़ा रहे हैं।