ज्ञानपुर। जिले में स्थित उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का प्रशिक्षण केंद्र करीब सात सालों से जर्जर पड़ा था। इसकी मरम्मत शुरू हो गई है। जर्जर भवन की मरम्मत के लिए निदेशालय की ओर से 2017-18 में दो लाख रुपये यूपी सिडको के खाते में भेजा जा चुका था, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया। अब जर्जर भवन की मरम्मत शुरू कराई गई है।
पुराने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित भवन की छतों से बारिश के दिनों में पानी की बूंदें टपकती रहती हैं। इस दौरान विभागीय कार्य ठप पड़ जाता है। लखनऊ निदेशालय से 2016-17 में 25 लाख 13 हजार रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाया था, जो अब तक पास नहीं हो सका। विभागीय अधिकारियों की ओर से कई बार जर्जर भवन की मरम्मत की मांग की गई थी। भवन की मरम्मत के लिए वित्तीय वर्ष 2017-18 में दो लाख रुपये कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के खाते में भेजी गई, लेकिन उक्त वित्तीय वर्ष में कार्य शुरू नहीं हो पाया था। अब नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही जर्जर भवन की मरम्मत कराने का काम शुरू हो गया है। हालांकि केवल रंगाई-पुताई और छत की मरम्मत का ही कार्य कराया जाना है। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के प्रभारी सत्यानंद वर्मा ने कहा कि बाकी बचे कार्यों के लिए निदेशालय से और धनराशि की मांग की गई है।