ज्ञानपुर। काउंसिल ऑफ द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (आईसीएसई) हाईस्कूल का रिजल्ट मंगलवार की देर रात जारी हो गया। सेंट थॉमस स्कूल गोपीगंज की दीक्षा मौर्य ने 95.60 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया, जबकि सेंट मैरीज स्कूल नई बाजार के छात्र आकाश मोदनवाल 95.30 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। बेहतर रिजल्ट आने पर होनहारों को मिठाई खिलाकर प्रोत्साहित किया गया।
यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद सभी की नजरें आईसीएसई पर टिकी हुईं थीं। जिले में सेंट मेरीज नई बाजार और सेंट थॉमस स्कूल गोपीगंज ही उक्त बोर्ड से संचालित होते हैं। मंगलवार को दोपहर तीन बजे इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित हो गया, लेकिन सर्वर की दिक्कत के कारण हाईस्कूल का रिजल्ट बच्चे नहीं देख पा रहे थे। देर रात सर्वर दुरुस्त होने पर रिजल्ट वेबसाइट पर दिखा। इसमें सेंट मेरीज स्कूल के आकाश मोदनवाल को 95.30 फीसदी, मोहम्मद यूसुफ को 93.50 प्रतिशत, करन सिंह को 93.16 फीसदी, मरियम अंसारी और विशेष जायसवाल को 91.16 फीसदी अंक प्राप्त हुआ। सेंट थॉमस स्कूल गोपीगंज की दीक्षा मौर्य 95.60 फीसदी अंक के साथ जिले में अव्वल रहीं। इसी तरह स्कूल की शिवांगी पांडेय को 94.8 प्रतिशत, जान्वी द्विवेदी 93.8, शशांक दूबे 93.6 और अरूण कुमार पाल को 91.5 फीसदी अंक प्राप्त हुआ। दोनों स्कूलों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ने के लिए कहा।