भदोही। कोतवाली क्षेत्र के बाईपास मार्ग के स्वामी विवेकानंद चौराहे स्थित पेट्रोल पंप के पास बीती रात बीच सड़क ट्रक का एक्सेल टूट जाने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। वाहनों का आवागमन ठप हो जाने से रात 12 बजे से बुधवार को दोपहर 12 बजे तक जाम की स्थिति रही और राहगीरों और हल्के वाहन जाम में फंसे रहे। हाल यह हो गया कि दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। नईबाजार पुलिस चौकी प्रभारी धमेंद्र नाथ तिवारी ने ट्रक को हटवा कर किसी तरह जाम समाप्त कराया।
मिर्जापुर से भदोही बाइपास होते हुए जौनपुर मार्ग पर भारी वाहनों का भारी दबाव रहता है। मार्ग हलांकि फोर लेन बनाया जा रहा है लेकिन कुछ कुछ स्थानों पर फोर लेन नहीं हो सका है। बीती रात पेट्रोल पंप के पास जौनपुर की ओर रही ट्रक का एक्सेल टूट जाने से ट्रक बीच सड़क खड़ी हो गई। लोड होने से ट्रक को हटाने के सारे प्रयास विफल हो गए। रात में दिक्कत नहीं हुई लेकिन सुबह होते ही मार्ग पर वाहनों का जाम लग गया। पुलिस को सूचना मिली तो नईबाजार चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोपहर 12 बजे तक किसी तरह ट्रक को रास्ते से हटवा कर किसी तरह जाम खुलवाया जाकर आवागमन बहाल हो सका।
जाम से एक ओर धौरहरा पुल तो दूसरी ओर इंदिरा मिल चौराहे तक वाहनों की कतार लगी रही। इस दौरान पैदल अथवा बाइक का भी पास होना मुस्किल हो गया। पेट्रोल पंप संचालक संजय दूबे ने कहा कि मार्ग क्षतिग्रस्त व गड्ढे होने से आए दिन दिक्कत हो रही है। जाम से मार्ग पर दूकानदारों को दिक्कत होता है। उन्होंने जिलाधिकारी से सड़क को गड्ढामुक्त कराने की मांग की है।