ज्ञानपुर। हाईटेक दौर में सोशल मीडिया प्रचार का अहम हथियार बन गया है। नेताजी की चुनाव एक्सप्रेस तेजी से दौड़ रही है। राजनीतिक दलों के नेता संग समर्थक अपनी-अपनी पार्टी के वादे, इरादे को लेकर पक्ष रख रहे हैं। कई कमेंट तो आचार संहिता के दायरे में आते हैं लेकिन प्रशासन की आईटी सेल अभी मौन बनी हुई है।
सोशल नेटवर्क के दौर में राजनीतिक दलों के लोग अपनी बातों को ज्यादा से ज्यादा लोगो तक पहुंचाने के लिए एड़ी चोटी तक एक कर दे रहे हैं। पार्टी के पक्ष और विपक्ष सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा लोगो तक अपनी बात पहुंचाने के लिए एक से बढ़कर एक पोस्ट कर रहे है। इन पोस्टों पर पक्ष लाइक तो विपक्ष जमकर कमेंट कर रहा है। इस समय खासकर चुनावी हरियाली इंटरनेट, फेसबुक, वाट्सअप आदि स्थानों पर छाई हुई नजर आ रही है। लोग दिन रात फेसबुक और वाट्सअप पर डटे हुए हैँ। सभी पार्टियों के द्वारा एक से बढ एक वादे किए जा रहे है जो कि काफी आकर्षक दिख रहा है। गुलाबी मौसम के रंग-बिरंगी इस हरियाली से चहुंओर लोकसभा चुनाव का माहौल छाया हुआ नजर आ़ रहा है। कुछ समर्थत को इतने अधिक उत्साहित हो जा रहे हैं आचार संहिता को नजर अंदाज कर ऐसे पोस्ट या कमेंट कर रहे हैं जो नियमों के खिलाफ है, हालांकि निगरानी रखने के लिए प्रशासन की बनी टीम अब तक अनजान बनी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम सिंह वर्मा ने कहा कि सोशल मीडियो पर टीम नजर रख रही है। गलत गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई होगी।