माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के वाणिज्य वर्ग की परीक्षा हुई। इसमें 11 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में 1083 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इस बीच बुधवार को नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सख्ती बढ़ा दी गई। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने स्वयं दूसरी पाली में कई केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया। वहां प्रश्नपत्रों के रख-रखाव, परीक्षा की स्थिति, सीसीटीवी कैमरे, वायस रिकार्डर आदि के बारे में गहनता से पड़ताल की। स्टेटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट भी सक्रिय दिखे। महत्वपूर्ण विषय की परीक्षा होने के कारण सभी उड़न दस्ते भी केंद्रों का भ्रमण करते रहे।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज, महर्षि शिवव्रत इंटरमीडिएट कॉलेज राधा स्वामी धाम गोपीगंज भदोही का औचक निरीक्षण किया। गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज के पांच कक्षों में 141 परीक्षार्थी व महर्षि शिवव्रत इंटर कॉलेज में 144 परीक्षार्थी परीक्षा हेतु नामित थे। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र से मिलान करते हुए अन्य बिंदुओं पर गहनता से जांच की। निरीक्षण के दौरान कॉलेजों में परीक्षा सुचारु रूप से जारी रही। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कॉलेजों में मौजूद स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि बोर्ड परीक्षा नकलविहीन व शांतिंपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। आगाह किया कि किसी भी स्तर पर नकल व लापरवाही की शिकायत मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 24 जनपदों में परीक्षा निरस्त की गई, लेकिन भदोही में परीक्षा हुई है। सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और नकलविहीन परीक्षा हुई। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार अंग्रेजी विषय में 18,369 पंजीकृत थे। इनमें से 17286 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 1083 ने छोड़ दी।