कूड़ा जलाने पर हुए विवाद में महिला की हत्या
दुबौलिया (बस्ती)। थाना क्षेत्र के बैरागल गांव में रविवार को कूड़ा जलाने पर हुए विवाद में एक महिला ने पड़ोस की 40 वर्षीय दूसरी महिला पर हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिवार के लोग लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पहुंचते ही चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बैरागल गांव के लोगों का कहना है कि वहां सैय्याद अली के घर के सामने पड़ोस की नूर तारा पत्नी रईस अली ने कूड़ा जला दिया। इसे लेकर सैय्याद अली ने उसे कूड़ा जलाने से मना किया। इसी बात को लेकर नूर तारा और सैय्याद अली के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान तैश में आकर नूर तारा ने बगल में पड़ा ईंट उठाकर सैय्याद अली के सिर पर वार कर दिया जिससे उसका सिर फट गया। पति के सिर में चोट लगा देख उसकी पत्नी सबरून निशा बीच बचाव करने पहुंच गई। तब तक गुस्से से तमतमाई नूर तारा ने हंसिया उठा लिया और उसने सैय्याद अली की पत्नी सबरून निशा पर हमला कर दिया जिससे सबरून निशा के सीने पर गंभीर घाव लग गया और वह जमीन पर गिर पड़ी। उसे लहूलुहान गिरा देख भगदड़ मच गई। आनन-फानन में परिवार के लोग घायल सबरून निशा को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। मगर पहुंचते ही चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर दुबौलिया थाने की पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सैय्याद अली की सगी बहन से रईस की शादी हुई थी। लेकिन कुछ दिन बाद सैयाद अली की बहन यानी रईस की पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद रईस ने दूसरी शादी कर ली और सैय्याद अली के घर के बगल में घर बना कर रहने लगा। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं दी गई है। गांव में पुलिस फोर्स भेजी गई है।