बस्ती। वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के परसा जागीर गांव के मनीष की बहन 13 दिन से लापता थी। गांव के लोगों ने 16 नवंबर के बाद से उसे नहीं देखा था। लोग जब पूछते थे तो उसकी मां कहती थी कि बेटी मामा के घर गई है। मगर, रविवार को गोंडा पुलिस ने जब उसकी हत्या का खुलासा किया और पुलिस टीम घर जा पहुंची तो सब हक्का-बक्का रह गए। गोंडा जिले की पुलिस देख गांव वाले भी सकते में आ गए। किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि मां-बेटे ने मिलकर वाकई में उसे मौत के घाट उतार दिया।
उधर, मां-बेटे की गिरफ्तारी के बाद उनके घर में ताला लटका हुआ है। आसपास के लोग भी उधर जाने से कतरा रहे हैं। लोगों ने बताया कि मनीष दो भाई और दो बहनें हैं। उसकी दोनों बहनें स्नातक की छात्रा हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और बड़ा भाई पुणे में पत्थर की सप्लाई का काम करता है। संपन्न परिवार का होने के नाते गांव में इज्जत भी थी।
गांव के लोगों का कहना है कि आरोपी का स्वभाव तो ऐसा नहीं है कि वह हत्या करे, लेकिन बहन को गलत रास्ते पर जाते देख उसने आपा खो दिया होगा। वहां की कई महिलाएं बताती हैं कि लड़की भी मिलनसार थी। गांव के कई वृद्ध इस घटना के पीछे मोबाइल कल्चर को जिम्मेदार बता रहे हैं।