बस्ती। भीषण गर्मी में एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है, यदि आप 22 जुलाई तक दिल्ली-मुंबई जाने के लिए सोच रहे हैं, तो आपको मुंबई जाने वाली कुशीनगर और एलटीटी एक्सप्रेस ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पाएंगे। गोरखधाम एक्सप्रेस में 11 अगस्त को स्लीपर टिकट मिलने की संभावना है, वही वैशाली, सत्याग्रह और अवध आसाम एक्सप्रेस ट्रेन में 15 जुलाई तक वेटिंग है।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते मुंबई को जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन में 24 जुलाई को थर्ड एसी और 28 जुलाई को सेकंड एसी में टिकट मिलने की संभावना है, जबकि 21 अगस्त को स्लीपर का टिकट कंफर्म मिल सकता है। इसके पहले इस ट्रेन में कोई कंफर्म टिकट नहीं है।
इसी तरह ट्रेन संख्या 20104 एलटीटी एक्सप्रेस में 23 जुलाई को थर्ड एसी और 24 जुलाई को सेकेंड एसी में जबकि दो अगस्त को स्लीपर का कंफर्म टिकट मिल सकता है। इसके पहले इस ट्रेन में कंफर्म टिकट मिलना संभव नहीं है।
दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में 16 जुलाई को थर्ड एसी का कंफर्म टिकट मिल सकता है, जबकि इसी ट्रेन में जुलाई माह में स्लीपर का कंफर्म टिकट नहीं है। 11 अगस्त को इस ट्रेन में स्लीपर में कंफर्म टिकट मिल सकता है।
ट्रेन संख्या 15909 अवध आसाम एक्सप्रेस में 15 जुलाई को स्लीपर कोच में दो वेटिंग चल रहा है, जबकि वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, द्वितीय श्रेणी और तृतीय श्रेणी में एक-एक वेटिंग चल रहा है। इस ट्रेन में 14 जुलाई तक किसी भी तरह का कोई टिकट संभव नहीं है।
सत्याग्रह एक्सप्रेस में 15 जुलाई को स्लीपर कोच में चार वेटिंग और वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में तीन, द्वितीय श्रेणी में चार और तृतीय श्रेणी में आठ वेटिंग चल रहा है। इसी तरह वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में 8, वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में दो, द्वितीय श्रेणी में पांच और तृतीय श्रेणी में तीन वेटिंग चल रहा है। ट्रेन संख्या 02563 बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को 11 जुलाई को थर्ड एसी का टिकट कंफर्म मिल सकता है। इसी ट्रेन में यदि समय रहते यात्री टिकट बुक करते हैं, तो 15 जुलाई को स्लीपर का टिकट कंफर्म मिल सकता है।
ट्रेन संख्या 025 69 दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन में 14 जुलाई को स्लीपर का टिकट कंफर्म मिल सकता है, जबकि इस ट्रेन में वातानुकूलित श्रेणी में किसी भी प्रकार का कोई टिकट संभव नहीं है। मुख्य टिकट आरक्षण पर्यवेक्षक बस्ती एनके गुप्ता ने बताया कि इस समय स्कूल के बच्चों की गर्मी की छुट्टियां समाप्त हो गई हैं।
ऐसे में दिल्ली-मुंबई जाने वाले की भीड़ ज्यादा बढ़ गई है। कुछ ट्रेनें फूल चल रही है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से राहत देने के लिए लगातार ग्रीष्मकालीन एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है।