बस्ती। पंजीकृत महिला श्रमिकों को बेटी के जन्म पर 25 हजार के साथ तीन माह का अतिरिक्त 36 हजार रुपये वेतन भी मिलेगा। वहीं, बेटे के जन्म पर 20 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। यह योजना श्रम विभाग में पंजीकृत जिले के श्रमिकों के लिए सरकार ने शुरू की है, इसके लिए एक वर्ष पुराना पंजीकरण आवश्यक है।
इस योजना के तहत, यदि किसी श्रमिक के घर पहली बेटी का जन्म होता है, तो उसे 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, दूसरी बेटी के जन्म पर भी आर्थिक सहायता का प्राविधान किया गया है। योजना के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। निर्माण श्रमिकों के लिए बेटे के जन्म पर भी आर्थिक मदद देने की योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।
मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत श्रमिकों को लाभान्वित किया जाता है। इस योजना में बेटा और बेटी दोनों के लिए सहायता प्रदान की जाती है। वर्तमान में जिले में 2.70 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं। वहीं, हर माह 12 से 13 सौ श्रमिकों का पंजीकरण हो रहा है।
श्रमिकों को कर रहे जागरूक : सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह ने बताया कि मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत श्रमिकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। आवेदन करने वाले श्रमिकों को पारदर्शिता के साथ लाभ भी दिया जाता है। विभाग द्वारा श्रमिकों को योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इस योजना का लाभ उठा सकें।