मतदाता जागरूकता के लिए बीस को स्टेडियम में लगेगा मेला
बस्ती। विधानसभा सामान्य निर्वाचन में अधिकाधिक मतदान के लिए 20 फरवरी को शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्टस स्टेडियम में मतदाता जागरूकता मेला आयोजित होगा। मेले में स्टाल के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम व विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। बुधवार को स्टेडियम का भ्रमण कर डीएम ने तैयारियों का जायजा लिया।
स्टेडियू का भ्रमण करने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानाचार्यों व स्वयंसेवी संगठनों की बैठक की। प्रधानाचार्यों का आह्वान किया कि ऐसे कार्यक्रम अपने विद्यालयों में कराएं। इसके अलावा प्रार्थना के समय मतदाता जागरूकता शपथ भी दिलाई जाए। बताया कि मतदाता जागरूकता मेला में सभी विद्यालय पोस्टर, रंगोली, मेंहदी, फूड प्रोडेक्ट, फैंसी ड्रेस, मतदाता जागरूकता गीत, नृत्य, नुक्कड नाटक प्रस्तुत करेंगे। इसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसी दिन शाम को मतदाता जागरूकता पर कवि सम्मेलन भी आयोजित होगा। साथ ही मानव श्रृंखला भी बनायी जाएगी। प्रधानाचार्यों से कहा कि स्कूलों में सेल्फी फ्रेम बनवा लें, जिसमें बच्चें अपनी सेल्फी लेकर और संदेश लिखकर ग्रुप में शेयर करें। छात्र-छात्राए अपने अभिभावको को मतदान करने हेतु सुंदर कार्ड भेट कर सकते है। विद्यालय में ईवीएम, भारत का नक्शा एवं अन्य चित्र पर मानव श्रृंखला बनाई जा सकती है।
स्वीप आईकान डॉ. श्रेया ने कहा कि ईवीएम, वीवीवैट, स्याही लगी अंगुली, बैलेट यूनिट पर बटन दबाते जैसे चित्र बनाए जा सकते हैं। छात्र-छात्रए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का रूप बना सकते हैं। इस मोके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, डीडीओ/नोडल स्वीप अजीत कुमार श्रीवास्तव, डीआईओएस डीएस यादव, बीएसए जगदीश शुक्ला, पीके श्रीवास्तव सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य व स्वैच्छिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।
स्टेडियम का डीएम ने लिया जायजा
डीएम ने बैठक के बाद अधिकारियों के साथ स्टेडियम में जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम के लिए उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को बताया कि मतदाता जागरूकता मेला में स्वयं सेवी संस्थाओं की ओर से भी स्टाल लगाये जाएंगे। इसमें सभी के मनोरंजन के लिए इंडोर खेल एवं अन्य आकर्षक साधन उपलब्ध रहेंगे।