गांव-गांव खोजे जाएंगे टीका लगवाने से छूटे लोग
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका में बच्चों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर
बस्ती। कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य करीब 16 लाख तय है। अब तक करीब दस लाख लोग प्रतिरक्षित किए जा चुके हैं। इनमें तमाम ऐसे लोग हैं जो एक बार टीका लगवाने के बाद दूसरी डोज नहीं लगवाई। अब वे टीका लगवाने से नहीं बच पाएंगे। क्योंकि स्वास्थ्य विभाग ने सात से 16 सितंबर तक अभियान चलाकर कोरोना टीकाकरण से वंचित अथवा एक डोज लगवाकर दूसरी डोज नहीं लगवाने वालों की तलाश करेगी। तीसरे लहर में बच्चों पर कोरोना के प्रभाव को देखते हुए दो साल अथवा उससे कम उम्र के बच्चों को भी सर्वे में शामिल कर उन्हें प्रतिरक्षित किया जाएगा।
एसीएमओ डॉ. एफ हुसैन ने बताया है कि कोरोना की दूसरी लहर में सर्वाधिक मौत का जो ग्राफ सामने आया है, उसमें 45 साल अथवा उससे अधिक उम्र के लोग शामिल हैं। इस बार स्वास्थ्य विभाग कोरोना से निपटने के लिए कमर कस कर तैयार है। तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए सभी उपाय विभाग कर रहा है। सात सितंबर से अभियान चलाकर ऐसे लोगों की तलाश की जाएगी, जो अब तक दूसरी डोज अथवा कोरोना के टीका से वंचित हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान में हर गांव में 50 घर का सर्वे होगा। क्योंकि एक घर के सर्वे में एक से डेढ़ घंटे लगते हैं। ऐसे में विभाग ने तय किया है कि 50 गांव के आधार पर टीकाकरण को और विस्तारित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की दो सदस्यीय टीम यह भी देखेगी कि गांव में कोई ऐसा तो नहीं है जिसे सांस फूलने अथवा खांसी, सर्दी-जुकाम व बुखार तो नहीं है। ऐसे लोगों को सूचीबद्ध कर चिकित्सीय टीम को सूचित कर उनका इलाज कराया जाएगा। पल्स पोलियो के तर्ज पर चलाए जाने वाले इस अभियान में दो साल या उससे कम उम्र के बच्चों को कौन-कौन सा टीका लगा है, इसे भी जांचा जाएगा। यदि बच्चा किसी भी टीका से वंचित है तो टीम मौके पर पहुंच कर उसे प्रतिरक्षित करेगी।
1960 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव
बस्ती। जिले में शनिवार को लगातार 26वें दिन भी किसी भी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। 1960 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन के कोरोना संक्रमण से अब तक 330 लोगों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में जिले में कोई भी सक्रिय केस नहीं है। जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 11714 है, जिसमें से अब तक 11384 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अभी भी 2704 लोगों की कोविड जांच रिपोर्ट प्रतीक्षारत है। कोरोना जांच के लिए अब तक जिले में सात लाख 94 हजार 319 सैंपल लिए गए हैं। इसमें सात लाख 91 हजार 615 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें सात लाख 79 हजार 901 की रिपोर्ट निगेटिव रही है। कोविड जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से शहर और गांवों से शनिवार को 1729 सैंपल लिए गए। इसमें एंटीजन व आरटीपीसीआर जांचें शामिल हैं। नोडल अधिकारी नगरीय क्षेत्र डा. एके कुशवाहा की अगुवाई में कोविड जांच के लिए रेलवे स्टेशन, बड़ेवन ओवरब्रिज के पास और रोडवेज बस स्टेशन परिसर में सैंपल संकलित किए गए। एसीएमओ ने लोगों से अपील की है कि कोविड से बचाव के लिए अभी नियमित मास्क लगाएं। सर्तकता बरतें।