दो भाइयों में मारपीट, छोटे भाई की मौत
रुधौली थानाक्षेत्र के पकड़ी चौबे गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मानिकचंद (बस्ती)। रुधौली थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत पकरी चौबे के राजस्व गांव डड़वा में जमीन के विवाद में दो सगे भाइयों में मारपीट हो गई। घायल एक भाई की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
डड़वा निवासी राजेंद्र प्रसाद चौधरी (39) पुत्र रामबरन व दूसरे भाई राज नारायन के बीच घर की महिलाओं से सोमवार को करीब 12 बजे दिन में कहासुनी हो गई। महिलाओं में झगड़े की सूचना पर छोटा भाई राजेंद्र प्रसाद चौधरी मानिकचंद चौराहे से कुछ सामान लेकर गांव के उत्तर सिवान में बने घर के पास पहुंचा, तभी दूसरे भाई राजनारायन के परिवार के लोग लाठी-डंडों से पिटाई करने लगे। राजेंद्र लहूलुहान हो गया। ग्रामीणों व परिजनों की सूचना पर रुधौली थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव मय टीम पहुंचकर घटना की जानकारी ली और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। रात करीब दो बजे राजेंद्र की मौत हो गई। थानाध्यक्ष रुधौली ने बताया कि मृतक की पत्नी ी तहरीर पर दूसरे पक्ष के राजनारायन पुत्र रामबरन, राधिका पत्नी राजनारायन व अखिलेश (22), अमरेश (20) पुत्रा राजनारायन के नाम मुकदमा दर्ज किया गया। मृतक राजेंद्र प्रसाद चौधरी के परिवार में पत्नी कुशलावती के अलावा एक बेटी प्रतिभा (9), दो बेटे अरुन चौधरी (7) व अनिल (5) वर्ष क्रमश: कक्षा दो व शिशु क्लास में गांव के विद्यालय में पढ़ते हैं।