बस्ती। राज्य ललित कला अकादमी के तत्वावधान में बस्ती विकास समिति की ओर से सात जून से ओरीजोत स्थित स्कूल में ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक प्रतिभागियों को चित्रकला की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं में कला के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना है।
कार्यशाला संयोजक डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रंग संयोजन, रेखांकन और आधुनिक कला तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। प्रशिक्षण सुबह आठ से दस बजे तक चलेगा। इसके लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। संतोष सिंह ने कहा कि कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी प्रयासरत है। वहीं, बस्ती विकास समिति के संस्थापक राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यशाला युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता विकसित करने और कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देगी। आयोजकों ने इच्छुक विद्यार्थियों और कला प्रेमियों से कार्यशाला में सहभागिता की अपील की है।