बस्ती। सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। गर्मी के मौसम में पैदावार घटने और परिवहन खर्च बढ़ने से सब्जियों के दाम लगातार चढ़ रहे हैं। टमाटर 80 रुपये और मटर 100 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। अदरक दो सौ रुपये किलो तक बिक रहा है। महंगी हुई सब्जियों ने रसोई बजट बिगाड़ दी है।
बढ़ती महंगाई से रसोई से लेकर शादी-विवाह के आयोजनों तक का बजट गड़बड़ा गया है। सबसे ज्यादा असर टमाटर, मटर, हरी मिर्च और हरे धनिये के भाव पर देखने को मिल रहा है। पिछले 10 दिन में टमाटर और मटर ने छलांग लगाई है। स्थानीय मंडियों में टमाटर का भाव थोक में 30 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 40 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है, वहीं फुटकर में 80 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं मटर 50 रुपये से सीधे 100 रुपये प्रति किलो बिक रही है। हरी मिर्च 90 रुपये और हरा धनिया 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। गोभी, प्याज, भिंडी, तोरी और खीरे के दामों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हथियागढ़ सब्जी मंडी के व्यापारी असगर अली और चंद्रबाबू ने बताया कि डीजल महंगा होने से भाड़ा बढ़ा है, ऐसे में रेट लगातार बढ़ रहा है। मशरूम भी अब दौ सौ रुपये किलो के पार है। सब्जियों की बढ़ती कीमतों का असर सीधे रसोई तक पहुंचा है। कई परिवारों ने महंगी सब्जियों की खरीद कम कर दी है। लोग अब सस्ती सब्जियों और दालों पर ज्यादा निर्भर होने लगे हैं।