महादेवा। लालगंज थाना क्षेत्र के पाकर डाड़ बाजार में सोमवार की रात चोरों ने एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर सारा सामान समेट ले गए। चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पाकरडाड़ निवासी विकास अग्रहरि की चौराहे पर मोबाइल की दुकान है। विकास ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब चार बजे वह टहलते हुए जब अपने मोबाइल के दुकान का ताला टूटा हुआ देखा तो अवाक रह गए और पुलिस को सूचना दी। विकास के अनुसार, देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखे कीमती मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान, एक लाख रुपये नकद तथा लगभग 15 ग्राम सोने की चेन चुरा ले गए।
बताया जा रहा है कि उसी रात चोरों ने पाकरडाड़ बाजार में ही दो अन्य मोबाइल दुकानों में भी ताला तोड़ने की कोशिश, मगर सफल नहीं हो सके। गौरतलब है कि दो दिन पहले महादेवा चौराहे पर स्थित बब्बू मोबाइल शॉप में भी चोरी की वारदात हुई थी। इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच-पड़ताल कर नमूने अपने साथ ले गई।
थाना प्रभारी लालगंज संजय कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।