बस्ती नगर थाना क्षेत्र के सराय गांव के सीवान में गन्ने के खेत में लगी आग बुझाने गया 23 वर्षीय युवक टूटकर गिरे हाईटेंशनतार पर पैर पड़ जाने से गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन युवक को जिला अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर थानाक्षेत्र के ग्राम सराय के सीवान में स्थित गन्ने के खेत मे आग लगी देखकर गांव के विकास चौधरी उर्फ वंश पटेल बुझाने के लिए दौड़े। खेत में पहले से टूटकर गिरे बिजली के हाईटेंशन तार पर उनका पैर पड़ गया। वह गंभीर रूप से झुलस गया।
आसपास खेत में काम करने वाले यह देखकर शोर मचाते हुए खेत की तरफ दौड़ पड़े। इसी बीच किसी ने फोन कर बिजली कटवाई। तब परिजन व गांव के लोग पहुंच गए। अस्पताल पहुंचने से पहले युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके थाना प्रभारी नगर बाबू लाल, उप निरीक्षक शशि शेखर सिंह पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।