बस्ती। जिला महिला अस्पताल में दो दिवसीय एनक्वास मूल्यांकन के अंतिम दिन शनिवार को असेसमेंट टीम ने व्यवस्थाओं की पड़ताल की। टीम ने कर्मचारियों में प्रशिक्षण की कमी, पैथोलॉजी के अधूरे अभिलेख, पुरुष शौचालय की अनुपलब्धता और सफाई व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई।
बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर उठाई गई आपत्तियों के बाद अस्पताल प्रशासन ने जरूरी सामान की खरीदारी भी कराई। डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. मोहम्मद तौसीफ कमर और ऊषा रावत की टीम ने दूसरे दिन पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड सेंटर समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। पैथोलॉजी में जांच की सुविधाओं की जानकारी ली।
जांच से जुड़े कई सवालों का जवाब कर्मचारी नहीं दे सके। टीम ने संबंधित अभिलेख मांगे तो कुछ रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पैथोलॉजिस्ट डॉ. पीएल गुप्ता ने टीम को विभाग की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अस्पताल की चादरें बाहर धुलाई के लिए भेजी जाती हैं, जबकि रसोई का संचालन भी अस्पताल परिसर से बाहर हो रहा है। टीम ने इन व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर मानकों के अनुरूप सुधार पर जोर दिया।