गांव के लोग गैस सिलिंडर आदि घरों से लेकर बाहर भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरवा मीरछापर गांव के पश्चिम की तरफ से आग शुक्रवार को गांव तक पहुंच गई। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से गैस सिलिंडर आदि निकालकर गांव के बाहर भागने लगे। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। आग से कई लोगों का भूसा जल गया।
जानकारी के अनुसार, बरवा मीरछापर गांव के पश्चिम कब्रिस्तान के पास शुक्रवार की दोपहर में एक खेत के डंठल में किसी ने आग लगा दी। तेज पछुआ हवा की चलते आग तेजी से गांव के करीब आ गई। गांव के लोग अफरा-तफरी के बीच अपने घरों से गैस सिलिंडर सहित अन्य सामान लेकर इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर कई गांव के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। इससे पहले सर्वेश गुप्ता का करीब 150 ट्राॅली, झोंटिल का 50 ट्राॅली भूसा जल गया। इस बात को लेकर लोगों में काफी नाराजगी रही कि कुछ लोगों की लापरवाही की चलते आग लगी है।