राजकीय आईटीआई परिसर रोजगार मेले का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राजकीय आईटीआई कटरा परिसर में शनिवार को संस्थान व क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन हुआ। इसमें 400 रिक्त पदों के सापेक्ष करीब 173 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। साक्षात्कार व लिखित परीक्षा के आधार पर 121 युवाओं को नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया। इससे युवाओं के चेहरे खिल गए।
संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण/शिशिक्षु) एके राणा ने बताया कि सरकार सबको हुनर सबको काम अभियान चला रही है। इसका मकसद युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। आईटीआई में हर माह रोजगार डे का आयोजन हो रहा है। यह अनवरत जारी रहेगा।
आईटीआई प्रधानाचार्य गोविंद कुमार ने बताया कि एसाइन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ने 71 और डिजायर ग्रुप गुरुग्राम ने 51 अभ्यर्थियों का चयन रोजगार के लिए किया। इस मौके पर पूर्व संयुक्त निदेशक सुनील कुमार श्रीवास्तव, अश्वनी कुमार दुबे, रामदीन, अरविंद कुमार, सिकंदर भारती, नंदमोहन सिंह, राजेश कुमार उपाध्याय आदि मौजूद रहे।