दुबौलिया। थानाक्षेत्र के अरखापुर के ग्राम चौकीदार की 19 वर्षीय बेटी का रविवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर में पंखे के सहारे फंदे से लटका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौकीदार रामकेवल अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ खेत में काम करने गए थे। घर पर उनकी पुत्री नैंसी (19) अकेली थी। थोड़ी देर बाद रामकेवल की छोटी बेटी घर आई तो दरवाजा बंद मिला। उसने खिड़की से झांक कर देखा तो अंदर पंखे में बंधी साड़ी से उसकी बहन लटकी हुई थी। वह दौड़कर खेत में गई और परिवारीजनों को जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि नैंसी किसी बात को लेकर कुछ दिनों से अवसाद में थी। उसकी मौत से पिता राम केवल, माता संजू, छोटा भाई सूर्यांश व बहन अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। परिवार के लोग बता रहे हैं कि किसी बात से युवती के अवसाद में थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।