मानिकचंद/वाल्टरगंज(बस्ती)। दो दिन पहले घर से 50 हजार लेकर चौखट-बाजू खरीदने निकले वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के देईपार बुजुर्ग निवासी शाबिर अली (22) पुत्र मुमताज का तीसरे दिन सोमवार को नहर में उतराया शव मिला।
सरैया गांव के पास सरयू नहर खंड चार में सुबह करीब 11 बजे शव मिलने की जानकारी पीआरवी को दी गई। थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। शव को बाहर निकलवाया गया।
सरैया गांव के पास सरयू नहर की पुलिया के पास सोमवार को ग्रामीणों ने उतराया शव देखा। कुछ देर के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। कुछ देर बाद मां हदीशुन्निनिशा और भाई अखलाख गांव के कुछ लोगों के साथ पहुंचे। शाबिर का शव देख परिजनों में चीख-पुका मच गई। हदीशुन्निनिशा ने बताया कि उनका मकान बन रहा है। दो अगस्त की शाम 6 बजे शाबिर बाइक से मकान के लिए चौखट बाजू खरीदने निकला था। वह साथ में 50 हजार रुपये भी ले गया था। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा।
परिजनों ने फोन किया तो उसका मोबाइल स्विचऑफ बताने लगा। काफी खोजबीन के बाद अगले दिन भी उसका कुछ पता नहीं चला। रिश्तेदारों के यहां भी शाबिर की तलाश की गई थी। सोमवार को एक रिश्तेदार ने नहर में शव मिलने की सूचना दी।
मां हदीशुन्निनिशा ने यह भी बताया जिस बाइक से वह निकला था, वह थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में शराब की दुकान के निकट रविवार को मिली है। मां ने आरोप लगाया कि शाबिर की हत्या कर रुपये लूट लिए गए हैं।
शाबिर तीन बहनों और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह घर पर ही रहता था। थानाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि लापता युवक का शव बरामद कर लिया गया है। मौत की स्पष्ट वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अन्य पहलुओं पर भी जांच शुरू कर दी गई है। अभी पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।क