बस्ती। जिले के 16 थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकतर शिकायतें जमीन से जुड़े विवादों की रहीं। कई थानों में मौके पर ही मामलों का निस्तारण नहीं हो सका। लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जांच करने के निर्देश दिए गए।
कोतवाली थाने में निरीक्षक बृजानंद सिंह की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। यहां सात मामले आए, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, कलवारी में 23 शिकायतों में से एक का निस्तारण हो सका। परशुरामपुर में 14 प्रार्थना पत्र आए, जबकि सोनहा में चारों शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं। सोनहा में किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
कलवारी संवाद के अनुसार, थाना प्रभारी संतोष कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें कुल 23 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया। नायब तहसीलदार आकांक्षा श्रीवास्तव और थाना प्रभारी ने शिकायतों की सुनवाई की। शेष मामलों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जांच करने के निर्देश दिए गए।
भानपुर संवाद के अनुसार, सोनहा थाने में आयोजित समाधान दिवस का एसपी ओमवीर सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और पूर्व में निस्तारित प्रार्थना पत्रों पर हुई कार्रवाई के संबंध में फीडबैक लिया। थानाध्यक्ष महेश सिंह के अनुसार, एसपी ने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर शाखा, सीसीटीएनएस और आरक्षी बैरक का निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के बाद परिसर में उगी घास-फूस की सफाई कराने और माल के निस्तारण के निर्देश दिए।
बीट पुलिस अधिकारियों से उनके कार्यों की जानकारी लेने के साथ ही प्रशिक्षु कर्मियों का प्रशिक्षण ठीक से कराने को कहा। समाधान दिवस में चार प्रार्थना पत्र आए, जो सभी राजस्व विभाग से संबंधित थे। किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। वाल्टरगंज संवाद के अनुसार, थाना समाधान दिवस में प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार राय की अध्यक्षता में सात फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया।