बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के मुड़ेरीपुर गांव में बीती देर रात शराब के नशे में धुत एक युवक ने बात ही बात में एक शख्स के ऊपर फायरिंग कर दी। बंदूक से निकली गोली उसे न लग कर उसके बगल सोए 12 वर्षीय बालक को लग गई। रात के अंधेरे में गोली किशोर के हाथ व जांघ को फाड़ते हुए निकल गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन परिजन बालक को लेकर सीएचसी विक्रमजोत पहुंचे फिर जिला अस्पताल अयोध्या पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। सूत्रों की माने तो युवक अनुज कुमार सिंह पुत्र रामकेश का दो दिन पहले गांव निवासी रफीक पुत्र अहमद के साथ पचपेडवा गांव में नौटंकी देखने के दौरान विवाद हो गया था और बुधवार को वह उसे मारने के लिए तमंचा लेकर घूम रहा था।
देर रात घर लौटा तो घर के पास स्थित अपने पटीदार अनिल सिंह पुत्र पतिराज से बातचीत होने लगी और बात ही बात में तमंचे से गोली चल गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी शेषमणि उपाध्याय और थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी गांव में पहुंच गए और भैरोपुर में संचालित बालू की खदान सहित संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास में जुट गए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली चलाने वाले युवक की तलाश की जा रही है। वही इस मामले में भी कोई तहरीर नहीं मिली तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।