सरयू नदी में स्नान करते समय डूबने से किशोर की मौत
दुबौलिया (बस्ती)। थानाक्षेत्र के नियामतपुर गांव के दक्षिण सरयू नदी में अपने दोस्तों संग स्नान करते समय एक चौदह वर्षीय किशोर नदी में लापता हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में लापता बालक की तलाश में जुटी। शनिवार देर शाम करीब साढ़े छह बजे किशोर के शव मिलने से घर-परिवार में कोहराम मच गया।
दुबौलिया थाना क्षेत्र के बभरौली गांव निवासी राम बचन शर्मा का चौदह वर्षीय पुत्र नितिन कुमार शर्मा बगल के गांव नियामतपुर अपने मौसी के घर गया था। शनिवार दोपहर करीब एक बजे गांव के कुछ अन्य हम उम्र दोस्तों के साथ नियामतपुर गांव के दक्षिण सरयू नदी में स्नान करते समय लापता हो गया। घटना की सूचना पर पहुची दुबौलिया पुलिस एवं डायल 112 ग्रामीण की मदद से नदी मेंलापता नितिन कुमार की तलाश में जुट गए। बालक के डूबने की खबर से नदी किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम शव ढूंढ निकाला।