183 गांवों में गन्ना सर्वेक्षण का कार्य पूूूरा
गौर (बस्ती)। बभनान चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना सर्वे का कार्य एक माह पूरा होने को है। इस बार 1099 गांवों के 22500 हेक्टेयर भूमि पर गन्ना सर्वे कार्य होना है। इसके लिए कुल 36 टीमें लगाई गई हैं। तेज धूप सर्वे में बाधा बन गई है। अब तक लगभग 183 गांवों में गन्ना सर्वे का कार्य पूरा किया जा चुका है। जबकि 916 गांवों में सर्वे कार्य चल रहा है।
गन्ना समितियों और चीनी मिल की ओर से गन्ना सर्वे कार्य किया जा रहा है। चीनी मिल क्षेत्र में कुल 43,039 हजार गन्ना किसान हैं। जिनका गन्ना सर्वे होना है। इसमें सहकारी गन्ना विकास समिति गौर में कुल छह टीमें लगाई गई हैं। यहां पर 110 गांव हैं और 18 गांवों में सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। जबकि 92 गांव शेष बचे हैं। इसी तरह बभनान में 25 टीमें सर्वे कार्य कर रही हैं। यहां पर कुल 496 गांव हैं और 102 गांवों सर्वे कार्य पूरा हो गया है। 394 गांवों में चल रहा है। जबकि विक्रमजोत समिति में कुल पांच टीमें लगाई गई हैं। यहां पर 281 गांवों में सर्वे कार्य होना है। विक्रमजोत गन्ना समिति क्षेत्र में रैजा गांव चीनी मिल की ओर से गन्ना सर्वे कार्य कराया जा रहा है। यहां पर कुल छह टीमें लगाई गई हैं। जहां पर 493 गांव हैं और 63 गांवों में सर्वे कार्य पूरा हो गया है। जबकि 430 गांव में सर्वे चल रहा है।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बभनान उपेंद्र सिंह ने बताया कि 20 अप्रैल से गन्ना का सर्वेक्षण चल रहा है, जो आगामी 20 जून तक चलेगा। अब तक कुल 183 गांव में सर्वेक्षण पूरा हो गया है। बाकी बचे गांवों में सर्वेक्षण कराया जा रहा है। इस दौरान किसान अपने गन्ना खेतों पर उपस्थित होकर डाटा को फीड करा दें जिससे सट्टा में कोई दिक्कत न हो। इस बार भी गन्ना किसानों को ऑनलाइन घोषणा पत्र भरना अनिवार्य किया गया है जो किसान घोषणा पत्र नहीं भरेंगे उनका सट्टा संचालन संभव नहीं होगा।
फोटो-
डीसीओ ने गन्ना सर्वे का निरीक्षण किया
चीनी मिल की ओर से कराए जा रहे हैं गन्ना सर्वे का जिला गन्ना अधिकारी मंजू सिंह ने बभनान चीनी मिल क्षेत्र के ग्राम सभा गोपालपुर, जीतीपुर और टिकुइया गांव में निरीक्षण किया। डीसीओ ने कर्मियों की ओर से गन्ना किसानों के किए गए सर्वे को जांचा। उन्होंने ट्रेंच विधि से गन्ना बुवाई, पेड़ी प्रबंधन प्लाट को भी देखा और सर्वे कार्य में लगे कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पूरी पारदर्शिता के साथ अति शीघ्र सर्वे कार्य को पूरा कराएं।