बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।संवाद
बस्ती। ईद के चलते महानगरों से आने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें खचाखच भर कर आ रही हैं। विशेष ट्रेनों के कई घंटे लेट होने से यात्री समय से गांव नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 23 घंटे की देरी से बस्ती आई।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते आने-जाने वाली स्पेशल ट्रेनें काफी विलंब से चल रही हैं। इससे ईद त्योहार में शामिल होने वाले यात्री समय से घर नहीं पहुंच पा रहे हैं। उनके परिजनों को स्टेशन पर कई घंटे तक ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। त्योहार के चलते पिछले कुछ दिनों से महानगरों से आने वाली ट्रेन भर भरकर आ रही हैं। रेलवे समय सारिणी के अनुसार, नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेन के बृहस्पतिवार रात 11 बजे आने का समय था, मगर 23 घंटे लेट होने से यह ट्रेन शुक्रवार को रात 10 बजे के बाद स्टेशन पर आई।
इसके अलावा मऊ स्पेशल 7:30 घंटे, बाघ एक्सप्रेस एक घंटे, गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस 4 घंटे, जोधपुर गोरखपुर एक्सप्रेस एक घंटे, गोरखपुर एक्सप्रेस दो घंटे, पूर्णिया कोर्ट स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन तीन घंटे, बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस दो घंटे, छत्रपति शिवाजी टर्मिनल स्पेशल दो घंटे, पुणे-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन पांच घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 8 घंटे और शुक्रवार को जाने वाली नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 15 घंटे की देरी से चल रही है।