बड़ेवन फ्लाईओवर के पास सोमवार की रात दोनों मिलीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नानी के घर जाने के लिए निकलीं वाल्टरगंज क्षेत्र के एक गांव से मौसेरी बहनें सोमवार दोपहर तीन बजे अचानक लापता हो गईं। परिवार के लोगों ने पता लगाना शुरू किया तो वे न तो नानी के घर पहुंचीं और न ही देर रात तक घर वापस गईं। परिवार के लोगों की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर खोजबीन शुरू की। उनमें एक 21 वर्ष और दूसरी 16 वर्ष की बताई गई है।
दोनों सोमवार रात करीब आठ बजे बड़ेवन के पास भटकती मिलीं। पुलिस के बयान में दोनों ने बताया कि वह शहर में घूमने आई थीं। देर होने पर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर रुक गई थीं। एसएचओ दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि मेडिकल कराया गया है। उनका बुधवार को न्यायालय में कलमबंद बयान कराया जाएगा।
वाल्टरगंज क्षेत्र के एक गांव की महिला ने सोमवार को तहरीर देकर बताया कि उसकी 21 वर्षीय लड़की व बहन की बेटी (मौसेरी बहनें) पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के रानी पोखरा के पास ननिहाल जाने के लिए रविवार को दिन में तीन बजे निकलीं। मगर दोनों न तो अपने ननिहाल पहुंचीं और न ही घर आईं। एसएचओ के मुताबिक बड़ेवन फ्लाईओवर के पास सोमवार रात करीब आठ बजे स्वाॅट टीम के प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी आदि की टीम के साथ दोनों को भटकते पाया गया।