नगर बाजार क्षेत्र के कुसराैत का रहने वाला था अनूप
संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। ग्राम कुसरौत निवासी शटरिंग कारीगर की मुंबई के कल्याण में सातवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर पत्नी बच्चों के साथ मुंबई रवाना हो गई है।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसरौत निवासी 35 वर्षीय अनूप कुमार एक साल पहले घर की माली हालत सुधारने महाराष्ट्र गया था। वह कल्याण में रहकर शटरिंग का काम करता था। अनूप की कमाई से पत्नी मीरा देवी व दो बच्चे 11 वर्षीय बेटी खुशी व सात वर्षीय बेटा अनिकेत के साथ उनके भाई बाबू राम का गुजर-बसर हो रहा था।
माता-पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। घर में कोई और कमाने वाला नहीं है। इसी बीच परिवार को सूचना मिली कि अनूप की सातवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। यह सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्नी तत्काल दोनों बच्चों को साथ लेकर मुंबई रवाना हो गई। घर पर अनूप का भाई बाबूराम है।