बस्ती। सरयू नदी का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। रविवार को नदी चेतावनी बिंदु पार करके 9 सेंटीमीटर ऊपर बहने लगी है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार शाम 6 बजे सरयू नदी का जलस्तर 91.81 मीटर रिकॉर्ड किया गया है। यह चेतावनी बिंदु से 9 सेमी ऊपर है। बताया गया कि नदी का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने से बाढ़ खंड के अधिकारी, कर्मचारी तटबंध की निगरानी तेज कर दिए हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। क्षेत्र के कल्याणपुर, संदलपुर आदि गांवों के कटान प्रभावित स्थलों पर फिर पानी का दबाव बढ़ने लगा है। जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
-
मईपुर में कटान रोकने का किया जा रहा प्रयास
बहादुरपुर। कुदरहा ब्लाॅक क्षेत्र के मईपुर, महुआपार कला व खुर्द को बचाने के लिए बाढ़ खंड की ओर से स्पर, डैंपनर, पिचिंग व परक्यूपाइन लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। वहीं जलस्तर बढ़ने- घटने के कारण ग्रामीणों में कटान की चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना कि नदी का जलस्तर बढ़ने से हम लोगों कटान की चिंता सताने लगी है। डैंपनर नौ से सोलह के बीच चार दिन पूर्व कटान होने लगी थी। मईपुर के झिनमुन, बसंत, मनीराम, त्रिवेनी, वीरेंद्र, सुग्रीव, रामजीत, लालचंद आदि ने बताया कि पिछले साल कटान के चलते हम लोगों को गांव से पलायन होना पड़ा था। इस बार भी वहीं डर बना हुआ है। गांवों को बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हो सका हैं।