गौर। करमा गांव में मेड़ बांधने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। गांव की हसीबुन निशा ने तहरीर दी कि वह अपने खेत में अपने लड़के मोहम्मद शाहिद के साथ मेड़ बांध रही थी। गांव के अनवर अली, मोहम्मद सउद ए खान, अबरार अहमद आदि मेड़ पर मिट्टी रखने से मना करने लगे। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। हसीबुन निशा और मोहम्मद शाहिद घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक परमाशंकर यादव ने बताया कि तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है। संवाद
मेले में दुकान लगाने को लेकर दो युवकों में वाद विवाद
भानपुर। रामनगर कर्बला पर मुहर्रम के मेले में दुकान लगाने को लेकर दो युवकों में वाद विवाद हो गया है। सूचना पाकर हुंची सोनहा पुलिस दोनों को थाने ले गई और मामले को शांत कराया। लोगों के मुताबिक, यह विवाद मेले में सुबह 10.32 दुकान लगाने वाली जगह को लेकर हुआ था। प्रभारी निरीक्षक मोती चंद ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
नशे में बदसलूकी का आरोप
बस्ती। परशुरामपुर पुलिस ने शराब के नशे में बदसलूकी करने के मामले में केस दर्ज किया है। सेहरिया निवासी अभिषेक सिंह का आरोप है कि बीते तीन व चार जुलाई को शराब पीकर विपक्षी ने उन्हें अपशब्द कहते हुए जानमाल की धमकी दी। पुलिस ने इसी गांव के दुर्गेश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
गुहार पर पहुंची पुलिस के सामने धमकाया, केस
बस्ती। लालगंज पुलिस ने मारपीट व धमकाने के मामले में केस दर्ज किया है। नौना निवासी कालिका प्रसाद तिवारी ने तहरीर दी कि मंगलवार की रात भोजन करने जाते समय विपक्षी पेड़ा उनके दरवाजे के सामने आए और अपशब्द कहते हुए जानमाल की धमकी देने लगे। डर वश डायल 112 को फोन कर सहयोग मांगा। पुलिस के आने के बाद भी अपशब्द कहते हुए धमकाया। इसके पूर्व 18 मार्च को भी धमकी दी थी और उनके बेटे को मारा-पीटा था। पुलिस ने पेड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
दूसरे को खड़ा कर बैनामा, पांच पर केस
नगर बाजार। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर खड़ौआ जाट के पास स्थित दूसरे की जमीन धोखाधड़ी कर बैनामा कराने के प्रकरण में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। खड़ौवा जाट के बाबूराम चौधरी ने तहरीर दी कि वह कारोबार के सिलसिले में मुंबई रहते हैं। उनकी जमीन खड़ौवाजाट में है। आरोप है कि इसी जमीन का कपटपूर्ण तरीके से विपक्षियों ने बैनामा कराया। जालसाजी व कूटरचित दस्तावेज के आधार पर उनकी जगह किसी को और खड़ा करके जमीन बैनामा करा लिया गया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने कमलेश निवासी देवखाल थाना दुबौलिया, नीरज कुमार, राहुल कुमार निवासी भिउरा थाना दुबौलिया, सुशील कुमार वर्मा निवासी भोपालपुर थाना कप्तानगंज और कथित बैनामाकर्ता नाम पता अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संवाद
घर में चोरी का आरोप, जांच शुरू
बस्ती। नगर पुलिस ने चोरी के आरोप में एक नामजद समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। बगियापार निवासी रूकसार का आरोप है कि 22 जून को अरोपियों ने घर व कमरे का ताला तोड़कर जेवरात, अनाज व अन्य सामान चोरी कर लिया। उनकी तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिंकू कुमार उर्फ पिंकी और अन्य अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद