विक्रमजोत क्षेत्र के भरथापुर में कटान कर रही सरयू नदी।
- फोटो : BASTI
कटान करते हुए भरथापुर के करीब पहुंची सरयू
तटवर्ती गांव के लोगों को आशियाना कटने का सता रहा डर
कटान की निगरानी करने वाले कर्मचारी मौके पर नहीं दिखे
विक्रमजोत (बस्ती)। ब्लॉक के भरथापुर गांव में शनिवार को दिन में सरयू नदी की हुई कटान से ग्रामीण सहमे हुए हैं। सरयू नदी और गांव के बीच अब बहुत कम दूरी बची है। ऐसे में लोगों को अब अपना आशियाना कटने का डर सता रहा है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या ने बताया कि शनिवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर नीचे 92.56 मीटर दर्ज किया गया।
जलस्तर कम होने से बहाव में तेजी आई है और कटान शुरू हो गई है। कटान पर निगरानी रखने वाले कर्मचारी भी शनिवार को मौके पर नहीं दिख्े। ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि अभिषेक शर्मा, कोटेदार हेमंत कुमार पांडेय, कमलाकांत पांडेय, राधेश्याम पांडेय, अमित पांडेय, जितेंद्र सिंह आदि ने बताया कि गांव को कटान से बचाने के लिए बाढ़ खंड व प्रशासन कई साल से प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है, फिर भी नदी आबादी से सटती चली आ रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व बाढ़ खंड से कटान रोकने की गुहार लगाई है।