ऑटो पलटा, राहगीर व यात्री की मौत
बस्ती-महुली मार्ग पर बनकटी चौराहा के पास हुआ हादसा
बनकटी (बस्ती)। बस्ती-महुली मार्ग पर बनकटी चौराहा व एसबीआई के पहले अनियंत्रित ऑटो के पलटने से साइकिल सवार राहगीर और ऑटो में बैठे एक यात्री की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज थानाक्षेत्र के कथरुआ निवासी 61 वर्षीय हरिराम मौर्य शुक्रवार शाम साइकिल से बस्ती की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहा ऑटो अनियंत्रित होकर एसबीआई से पहले पलट गया। हरिराम उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार मुंडेरवा थानाक्षेत्र के बघाड़ी निवासी 70 वर्षीय बद्री भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को पीएचसी बनकटी पहुंचाया। हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां शुक्रवार देर रातदोनों की मौत हो गई। मौत की सूचना दोनों के घरों पर पहुंची तो कोहराम मच गया। लालगंज थानाध्यक्ष रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया मृतक हरिराम के बेटे राम गोविंद की तहरीर पर देवा निवासी हरपुर महुली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।