दुबौलिया। अतिसंवेदनशील कटरिया-चांदपुर तटबंध पर हालात ठीक नहीं हैं। सोमवार को एक बार फिर चांदपुर और भिउरा गांव के बीच कटान शुरू हो गई। इससे आसपास के गांवों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों का हुजूम बंधे पर आ डटा। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को रोका।
सरयू का रुख बरसात से उग्र होता जा रहा है। नदी लाल निशान से 48 सेेेंटीमीटर ऊपर बहने लगी है। रविवार देर रात कटरिया-चांदपुर तटबंध पर धारा का तेज दबाव पड़ने से ठोकर संख्या तीन का पांच मीटर नोज पानी में बह गया। जानकारी होते ही बाढ़खंड ने मजदूरों को लगाकर रात में ही मरम्मत कार्य शुरू कराया। सोमवार सुबह इसी ठोकर के पूर्व तरफ 10 मीटर बेस बैठ गया। दोपहर होते-होते करीब 11 बजे चांदपुर व भिउरा गांव के बीच में 50 मीटर लंबा और एक मीटर चौड़ाई में बांध कटने लगा। तेज कटान की सूचना पर चांदपुर समेत आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का हुजूम तटबंध पर उमड़ पड़ा। मौके पर पुलिस टीम के साथ दुबौलिया एसओ पंकज गुप्ता पहुंचे और भीड़ को कटान स्थल पर जाने से रोक दिया। ग्रामीण शांत थे। मौके पर बाढ़ खंड के एसडीओ जितेंद्र कुमार, अवर अभियंता संजय यादव, स्वप्निल श्रीवास्तव तेजी दिखाते हुए भिऊरा और चांदपुर गांवों की तरफ से बोल्डर व ईंट, रोडे़ मंगाने लगे। सैकड़ों की संख्या में मजदूरों को लगा दिया।
बारिश से तटबंध पर बढ़ी फिसलन
बारिश के चलते तटबंध पर फिसलन बढ़ गई है। इसके कारण बोल्डर, ईंट, रोडे़ पहुंचाने में दुश्वारियां हो रही हैं। फिसलन बढ़ने से ट्रैक्टर ट्रॉली के बंधे पर पहुंचने में दिक्कतें हो रहीं हैं। परिणाम स्वरूप मरम्मत कार्य भी बाधित हो रहा है। ईंट, रोडे़ डालकर तटबंध पर रास्ता बनाया जा रहा है। एसडीओ जितेंद्र कुमार का कहना है कि कटान का दायरा धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। लेकिन मरम्मत कार्य भी जारी है। स्थिति नियंत्रण में है। मौके पर पहुंचे हर्रैया एसडीएम एसपी शुक्ल ने बताया कि लगातार जायजा ले रहा हूं। कटानस्थल पर स्थिति नियंत्रण में है। खतरे की कोई बात नहीं है। चांदपुर के ग्रामीणों के लिए लंच पैकेट, चाय, बिस्किट व पशुओं का चारा भी वितरित किया जा रहा है। एसडीएम के साथ ही तहसीलदार मो. जसीम भी डटे रहे। कटानस्थल पर मरम्मत कार्य जारी है।