सैंथवलिया के युवक का नहर में उतराया मिला शव
मानिकचंद (बस्ती)। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के भादी खरहरा गांव के पास से होकर गुजरी सरयू नहर खंड चार में एक 32 वर्षीय युवक का शव बहते देख लोगों ने शोर मचाया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
थाना क्षेत्र के सैथवलिया गांव निवासी 32 वर्षीय लालचन्द पुत्र स्व राम जतन मंगलवार रात दस बजे से अपने घर से लापता हुए थे। बुधवार दोपहर उनका शव नहर में उतराया मिला। उसी बीच वहां से गुजर रहे खरहरा गांव निवासी भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य कमेद्र चौहान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे नवागत थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह, एसआई सुभाष मौर्य आदि ने नहर से शव को बाहर निकलवाया। आधे घंटे बाद शव की शिनाख्त सैंथवलिया निवासी 32 वर्षीय लालचंद के रूप में की गई। मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम पहुंचकर शव का परीक्षण किया गया। ग्राम प्रधान हरेंद्र कुमार, मृतक के दोनों भाई व ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त की। परिवार वालों से बातचीत के आधार पर थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।