ईंट-भट्ठा व्यवसायी का साढ़े पांच लाख हड़पने का आरोप
नगर थाने में भट्ठा मालिक ने दर्ज कराया मुकदमा
नगर बाजार(बस्ती)। नगर थानाक्षेत्र के ग्राम दुबखरा स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने वाले ठेकेदार पर मालिक से मजदूर लाने के नाम पर साढे़ पांच लाख रुपये लेकर हड़पने का आरोप लगा है। भट्ठा मालिक के तहरीर पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नगर थानाक्षेत्र के ग्राम बेलाड़ी निवासी महेंद्र प्रताप वर्मा ने नगर पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका दुबखरा में ईंट भट्ठा है। भट्ठे पर काम करने के लिए ठेकेदारों के माध्यम से अन्य प्रदेशों से मजदूरों को मंगाना पड़ता है। उसके ईंट भट्ठे पर पिछले सात-आठ वर्ष से ठेकेदार जगत कुमार गुप्ता निवासी पट्परपाली (बावनडीह) पंचायत पटपरपाली तहसील बागवहरा थाना कोमाखान जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) काम कर रहा था। मजदूर लाने के लिए ठेकेदार से बात की तो वह 24 जुलाई को भट्ठे पर आया और मजदूर लाने के एवज में साढ़े पांच लाख रुपये ले लिया और कहा कि मजदूरों को देना पड़ेगा। दशहरा के बाद मजदूरों को भेजने की बात कही थी। दशहरा बाद जब ठेकेदार के मोबाइल पर फोन किया तो उनका नंबर स्विच ऑफ था। उसके बाद न ही रुपये वापस किया और न ही मजदूर भेजा। 28 अगस्त को उसके घर जाने पर भी वह नहीं मिला। बहुत प्रयास करने के बाद जब बात हुई तो जगत कुमार ने कहा कि कल मिलेंगे। जब मुलाकात हुई तो रुपये देने से इंकार कर दिया। थाना प्रभारी नगर बाबू लाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।