चुनावी रंजिश में घमासान, आठ लोग घायल
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर स्थित पायकपुर चौराहे पर बुधवार की देर रात चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। ईंट-पत्थर, लाठी-डंडा तक चलाए गए। तीन बाइक तोड़ दी गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। गांव में सीओ कलवारी शक्ति सिंह ने पहुंचकर जानकारी ली। एहतियातन गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पायकपुर चौराहे पर विवाद की जानकारी के बाद अनुज श्रीवास्तव सोनू वहां पहुंच गए। आरोप है कि उनको देखते ही विपक्षी उग्र हो गए और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर घायल कर दिया। झगड़े की बात जब ग्राम प्रधान जीतेंद्र गौड़ तक पहुंची तो वह भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन पहले से तैयार आरोपितों ने उनकी भी पिटाई की। इसके बाद चौराहे पर मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक पक्ष से अनुज श्रीवास्तव, जितेंद्र गौड़, मोनू उर्फ राहुल निवासी पायकपुर और दूसरे पक्ष से राम लुटावन, राम बहोर, सत्यवान, रणवीर, मंजीत निवासी हरदाडाड पायकपुर घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। अर्जुन श्रीवास्तव, मोनू तथा सत्यवान को काफी चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। तोड़ी गई बाइकों को कब्जे में लिया गया। गांव में शांति व्यवस्था बनाएं रखने के लिए पुलिस की तैनाती कर दी गई है।
इस मामले में पुलिस ने छह नामजद और चार-पांच अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी तहरीर में ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया बुधवार की देर शाम उनका बेटा अनुज कुमार चौराहे से घर की तरफ आ रहा था। गांव निवासी विजयपाल चौधरी, महिपाल चौधरी, राम लखन, राम लुटावन, सत्यवान, राम बहोर, और 4-5 अन्य अज्ञात लोग चुनाव रंजिश में गाली देने लगे। जब अनुज कुमार ने विरोध किया तो आरोपित ललकारते हुए लाठी-डंडे से पीटने लगे। शोर सुनकर नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान जितेंद्र और गांव के राहुल रोहित बीच-बचाव करने आए।
आरोपितों ने जान से मार डालने की नियत से हमला किया। आरोप के अनुसार, आरोपितों ने अनुज कुमार के गले से सोने की चेन, अंगूठी छीन ली। दुबौलिया पुलिस ने ओमप्रकाश की तहरीर पर आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में दूसरे पक्ष के राम लुटावन की तहरीर पर पुलिस ने 13 नामजद और पांच-छह अज्ञात के विरुद्घ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अनुज उर्फ सोनू, जितेंद्र, मोनू, रामू, हरीश, अनुप कुमार, हितलाल, राकेश, राजेश, राम बालक, जगदीश, रोहित, मोलई और रोहित पर कार्रवाई की गई है।