बस्ती। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए पूर्वांचल विकास निधि से 11 सीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने इन कार्यों के लिए ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी 11 निर्माण कार्यों की अनुमानित लागत 1.82 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों में प्रस्तावित इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग इं. अंकुर वर्मा ने बताया कि 11 सड़क हैं। सड़क निर्माण की अनुमानित लागत 10.63 लाख से 22.67 लाख रुपये के बीच रखी गई है। सबसे अधिक 22.67 लाख रुपये का कार्य प्रस्तावित है, जबकि सबसे कम लागत वाला कार्य 10.63 लाख रुपये का है। निर्माण कार्य को तीन माह में पूरा करना होगा। बताया कि फर्म के चयन के बाद कार्यों का वर्कआर्डर जारी किया जाएगा। सड़क बनने से करीब एक लाख से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। आवागमन में आसानी होगी। गांव से लिंक रोड पर पहुंचना आसान हो जाएगा। अभी तक इन सड़कों सफर मुश्किलों भरा है। सभी सड़कें सीसी होंगी। एक्सईएन ने बताया कि गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संवाद