रेशू हत्याकांड : तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
पुरानी बस्ती थाने के सुर्तीहट्टा मोड़ पर रविवार को हुई थी हत्या
बस्ती। पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के सुर्तीहट्टी मोड़ पर रविवार शाम सब्जी तौलने वाले बाट के प्रहार से जान गंवाने वाल छात्र रेशू के शव का तीन डॉक्टरों के पैनल ने सोमवार को पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसकी रेशू के परिवार वालों ने मांग की थी।
उधर, हत्या करने के आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुरानी बस्ती पुलिस ने रविवार देर रात रेशू के भाई अरविंद की तहरीर पर थाना नई बाजार के पुरानी बस्ती निवासी अक्षय जायसवाल के खिलाफ हत्या व दलित उत्पीड़न एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
तहरीर में अरविंद ने बताया है कि उसका भाई खरीदारी करने नई बाजार गया था। आरोप है कि इस दौरान बाइक सवार अक्षय जायसवाल ने उसकी साइकिल को ठोकर मार दी। रेशू ने इसका विरोध किया था। इससे नाराज अक्षय ने सब्जी बेच रही महिला का बांट छीनकर रेशू पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। मौके पर अक्षय की पहचान नहीं हो पाई थी, मगर पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर उसकी शिनाख्त कर गिरफ्तार कर लिया था।