शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, ब्लैकमेल करने का आरोप
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पैकोलिया (बस्ती)। शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दुष्कर्म, पॉस्को एक्ट व दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष पैकोलिया प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी ने विशेष न्यायाधीश एससीएसटी कोर्ट में अर्जी देकर आरोप लगाया कि बेलसड़ गांव के पिपरिया पुरवा निवासी नीरज यादव शादी का झांसा देकर एक साल पहले शारीरिक संबंध बनाया। उसी का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करके दुष्कर्म करता है। उसका आरोप है कि 26 मार्च की शाम करीब आठ बजे घर पर कोई नहीं था, उसी दौरान आरोपित आ गया और धमकी देकर संबंध बनाने लगा, तभी परिवार वाले आ गए और उसे पकड़ लिया।
पीड़िता ने परिवारवालों से आप बीती बताई। पीड़िता के परिवार के लोग जब शादी के लिए दबाव बनाने लगे तो नीरज यादव, पंकज यादव, सीमा देवी, रीमा देवी और पूजा एक राय होकर लाठी-डंडा लेकर पीड़िता के घर चढ़ आए और परिवार वालों को जातिसूचक गालियां देते हुए मारने-पीटने लगे। इसके बाद आरोपित नीरज यादव ने शादी करने से इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म, दलित उत्पीड़न और पॉस्को एक्ट, जान से मारने की धमकी देने मामले में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।