स्वतंत्रता दिवस पर नहीं निकलेगी प्रभात फेरी
बस्ती। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिले में प्रभात फेरी नहीं निकलेगी। न ही सामूहिक मार्च पास्ट होगा। डीएम सौम्या अग्रवाल ने बताया कि यह कदम कोविड-19 के चलते लिया गया है। बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 अगस्त की रात में सरकारी भवनों, इमारतों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े ऐतिहासिक स्मारकों जैसे स्काउट भवन, कबीर स्थली, पैड़ा, नगर बाजार, छावनी, हर्रैया, अमोढ़ा, महुआ डाबर आदि को प्रकाशमान किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि सभी सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों, भवनों, कार्यालयों पर ध्वजारोहण सुबह आठ बजे तथा शैक्षणिक संस्थानों में सुबह 10 बजे शारीरिक दूरी व कोविड गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए किया जाएगा। मलिन बस्तियों में सुबह 9 से 11 बजे तक साफ-सफाई का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समस्त शिक्षण संस्थानों में सुबह 10 से 11:30 बजे तक निबंध लेखन, पेंटिंग आदि प्रतियोगिता का आयोजन ऑनलाइन कराया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भारतरत्न अटल बिहारी प्रेक्षागृह में दोपहर दो बजे से आयोजित किया जाएगा। सार्वजनिक सभा का आयोजन शाम पांच बजे से होगा। कुष्ठ रोगियों के निवास स्थान की साफ-सफाई शाम चार बजे से कराई जाएगी।