बहराइच से दुष्कर्म का आरोपी अभियंता गिरफ्तार
- दुबौलिया थाना क्षेत्र के निवासी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
- कोतवाली पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। किशोरी को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी विद्युत विभाग के अवर अभियंता को बहराइच में स्थित सब स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को टीम ने उसे पकड़ा।
दुबौलिया थानाक्षेत्र के निवासी आरोपी राजतिलक पर एक नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने व धमकाने का आरोप है। जुलाई 2021 में पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली में दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। कोतवाल ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम बृहस्पतिवार तड़के बहराइच रवाना हो गई। सुबह करीब पांच बजे बहराइच के मोहल्ला फुटहा कॉलोनी से उसे गिरफ्तार कर बस्ती ले आई। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाल की अगुवाई में गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसएसआई योगेन्द्र नाथ, एसआई मुनीन्द्र त्रिपाठी, कांस्टेबल अजय यादव व शैलेन्द्र यादव शामिल रहे।