स्कूल जाने के लिए पिता ने पीटा तो किशोर ने घर छोड़ा
बस्ती। स्कूल जाने के लिए पिता ने बेटे की पिटाई कर दी तो वह घर छोड़कर पंजाब जाने के लिए साइकिल से निकल पड़ा। गनीमत रही कि कोतवाली पुलिस की उसपर नजर पड़ गई। संतकबीरनगर का रहने वाले किशोर को कोतवाली पुलिस ने परिवार वालों को सौंप दिया।
शहर कोतवाली की फोरलेन स्थित पटेल चौक पुलिस चौकी के प्रभारी सर्वेश कुमार चौधरी मंगलवार देर रात गश्त पर थे। इस दौरान उनकी नजर एक लड़के पर पड़ी। उसने पीठ पर बैग टांग रखा था। वह हर्दिया चौराहे पर इधर-उधर साइकिल से घूम रहा था। बैग संग बच्चे को रात में देख चौकी प्रभारी ने उसे रोका। चौकी प्रभारी के अनुसार 14 वर्षीय किशोर थाना कोतवाली खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर का रहने वाला है। उसने पूछताछ में बताया कि पिता ने स्कूल जाने के लिए उसे मारा था, जिससे नाराज होकर वह घर छोड़कर भाग आया है। उसने बताया कि पंजाब जाएगा। एसआई के अनुसार पहले बालक को चौकी पर लाकर खाना खिलाया गया और इसके बाद संतकबीरनगर पुलिस से संपर्क किया गया तो पता चला कि मंगलवार दोपहर से किशोर के परिजन उसे तलाश रहे हैं। घरवालों को चौकी पर बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया गया।